फतेहगढ़ साहिब, 23 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिले के नशा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और प्रभावित व्यक्तियों को उपचार उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार गतिविधियां चला रहा है। इसी कड़ी में गांव लोहार माजरा में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अंबेमाजरा की ओर से मेडिकल एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीनियर मेडिकल ऑफिसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों को उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नशे की लत एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य समस्या है, जिसका समाधान उचित इलाज, पारिवारिक सहयोग और सामूहिक प्रयासों से संभव है।
इसी तरह चुन्नी रोड स्थित गुरु नानक नगर में भी नशामुक्ति जागरूकता शिविर लगाया गया। इस अवसर पर पार्षद विक्रमजीत सिंह और मनिंदर सिंह ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही मुफ्त नशामुक्ति उपचार सुविधाओं और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों के साथ नफरत या भेदभाव करने के बजाय सहानुभूति और सहयोग का व्यवहार करें तथा उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करें, ताकि नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।







