बंगा, 26 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के सिंचाई मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने दावा किया है कि राज्य सरकार के प्रयासों से पिछले पांच वर्षो में भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बंगा रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में माथा टेकने पहुंचे मंत्री ने कहा कि नहरों के विस्तार और पुरानी नहरों की मरम्मत से सिंचाई के लिए नहरी पानी की उपलब्धता बढ़ी है। गोयल के अनुसार, सरकारी आंकड़ों में राज्य में नहरी पानी का उपयोग बढ़कर करीब 80 से 82 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में दशकों से नहरी पानी नहीं पहुंचता था, वहां भी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
फगवाड़ा की दो प्रमुख नहरों पर कथित अवैध कब्जों के सवाल पर उन्होंने उच्चस्तरीय जांच का भरोसा दिया। वहीं, पंजाब पुलिस में कर्मचारियों की कमी स्वीकार करते हुए कहा कि पुलिस बल की संख्या बढ़ाने पर चर्चा चल रही है। मंदिर प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत और सम्मान किया।







