जालंधर, 14 मई 2026 : जालंधर स्थित बीएसएफ मुख्यालय के सामने 5 मई की रात हुए आईईडी ब्लास्ट मामले में पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसियों ने मामले के मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपियों के नाम, पते और गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक करीब 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के पीछे पाकिस्तान के कथित डॉन शहजाद भट्टी का हाथ बताया जा रहा है। जांच में इन घटनाओं के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की आशंका जताई गई है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव भी पहले इन धमाकों के पीछे पाकिस्तान समर्थित साजिश होने की बात कह चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक आईएसआई के इशारे पर इन बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। मामले की जांच के दौरान पंजाब पुलिस ने राज्यभर में बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया। बुधवार देर रात तक जालंधर पुलिस की कई टीमों ने नकोदर, कपूरथला, नवांशहर, अमृतसर, तरनतारन और होशियारपुर समेत कई इलाकों में छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की गई।
सूत्रों का दावा है कि हिरासत में लिए गए कई युवक सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों को खालिस्तानी नेटवर्क के जरिए अंजाम दिया गया।
जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं और आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे। वहीं नवांशहर से भी तीन युवकों — लखविंदर (39), दविंदर और लवप्रीत — को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।






