संगरूर , 27 मई 2026 : पंजाब के संगरूर में बठिंडा-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर दिन-दहाड़े साइकिलिंग कर रहे युवाओं से लूटपाट की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लुटेरों द्वारा वारदात को अंजाम देने की यह पूरी घटना वहां मौजूद कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के अनुसार, जब साइकिल सवारों का एक ग्रुप हाईवे से गुजर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार कार उनके बेहद करीब आकर रुकी।
इसके बाद चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर एक हमलावर बाहर निकला और उसने साइकिल सवारों पर झपट्टा मारने की कोशिश की। इस दौरान हमलावरों की गाड़ी अचानक आगे आ जाने के कारण एक साइकिल सवार सीधे कार से टकरा गया और संतुलन बिगड़ने की वजह से सड़क पर गिर गया। हालांकि, लुटेरे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। जब बाकी साइकिल सवारों ने हिम्मत दिखाई और एकजुट होकर लुटेरों का डटकर विरोध करना शुरू किया, तो हमलावर घबरा गए और युवाओं को भारी पड़ता देख तुरंत अपनी गाड़ी भगाकर मौके से फरार हो गए। इस मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना सदर संगरूर के प्रभारी (SHO) अवतार सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को ट्रेस कर लिया है और उसे अपने कब्जे में ले लिया है, वहीं आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।