विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी, डीसी ने किया फील्ड निरीक्षण
कोई पात्र मतदाता न छूटे, पारदर्शिता से पूरा करें पुनरीक्षण कार्य
डीसी ने फील्ड में विभिन्न मतदान केंद्रों और कंट्रोल रूम का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा–निर्देश
टोहाना/कुलां, 24 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी शुद्धता, पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। इस कार्य में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी बीएलओ पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
यह बात डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक भारती ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बुधवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान कही।
डीसी डा. विवेक भारती ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुलां, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, अमानी सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने टोहाना लघु सचिवालय में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान डीसी डा. विवेक भारती ने अधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल अधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी यह सुनिश्चित करे कि मतदाता सूची का प्रत्येक विवरण सही, नवीन और त्रुटिरहित हो।
डॉ. विवेक भारती ने कहा कि गणना प्रपत्रों के वितरण का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। अब प्राथमिकता के आधार पर प्रपत्रों का संग्रहण कर उन्हें समयबद्ध ढंग से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन न्यूनतम 10 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान के सभी लक्ष्य पूरे किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी भी प्रपत्रों का वितरण शेष है, वहां विशेष रूप से ध्यान देकर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक मतदाता के विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या पात्र मतदाता के नाम के छूटने की संभावना न रहे।
डीसी डा. विवेक भारती ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य एक ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है जो पूरी तरह नवीन, पारदर्शी और त्रुटिरहित हो। इसके लिए फील्ड स्तर पर कार्यरत बीएलओ, सुपरवाइजर और नोडल अधिकारियों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने आम नागरिकों से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने संबंधित बीएलओ को दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो उपलब्ध करवाएं, ताकि सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन संख्या 1950 चौबीसों घंटे सक्रिय है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही एक ऐसी मतदाता सूची तैयार की जा सकती है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाए।
इस अवसर पर टोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम आकाश शर्मा ने डीसी को अवगत कराया कि अभियान के तहत प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं, जबकि सुपरवाइजर एवं नोडल अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अभियान की समीक्षा कर रहे हैं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा, नायब तहसीलदार रसविंदर सिंह, अनिल कुमार, चुनाव नायब तहसीलदार राजकुमार सिहाग सहित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सुपरवाइजर एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।






