मनिंदर कौर को बाघापुराना विधानसभा का प्रभारी बनाया गया
बाघापुराना, 29 जून,2026 (लछमन जीत सिंह पुरबा) : वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के निर्देश तथा पार्टी हाईकमान के निर्णय के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मनिंदर कौर को बाघापुराना विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति से क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति मिलेगी।
नियुक्ति पर मनिंदर कौर ने पार्टी हाईकमान और जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि बाघापुराना विधानसभा के सभी कार्यकर्ता पहले से ही पूरी मेहनत और लगन के साथ संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं तथा सभी के सहयोग से पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
मनिंदर कौर ने कहा कि भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं और पार्टी पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, विकास की नई दिशा देने और प्रदेश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए इस बार राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है।






