फतेहाबाद 3 जुलाई 2026 (संजीव शर्मा) : भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीन जोड़ा ने भट्टू स्थित गोबिंद पैलेस में आयोजित विशेष पत्रकार संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों तथा हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपना मूल मंत्र बनाकर देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा निरंतर मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णयों ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के समान विकास के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, मजबूत आधारभूत ढांचे, बेहतर सड़क नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सरकार ने ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर आमजन को सरकारी सेवाएं सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का कार्य किया है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से भाजपा इसी समर्पण और सेवा भाव के साथ विकास की यात्रा को आगे बढ़ाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठा सके।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जसवंत माचरा, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन संजय सिंगला, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, सतबीर मेहुवाला, संदीप शर्मा, अर्जुन सिंह राठौड़, मोहर सिंह कसवा, सुशील भट्टू, देवीलाल गोदारा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।






