विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों के समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
टोहाना 3 जुलाई 2026 (संजीव शर्मा) : एसडीएम आकाश शर्मा ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान क्षेत्र के नागरिकों की विभिन्न शिकायतों को सुना। इस दौरान उन्होंने नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए प्राप्त आवेदनों को मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजकर उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में कुल छह आवेदन प्राप्त हुए। इनमें चार आवेदन परिवार पहचान पत्र से संबंधित, एक आवेदन डीएचबीवीएन तथा एक आवेदन काडा विभाग से संबंधित था। एसडीएम आकाश शर्मा ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर इनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी विभागीय एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित समाधान शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएं। इन शिविरों में परिवार पहचान पत्र, पेंशन, बिजली, पेयजल, राजस्व तथा अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाता है। इस दौरान एसडीओ मुकेश मेहला, एसईपीओ माया गोदारा, समाज कल्याण अधिकारी विजय सिंह, सुपरवाइजर करमजीत कौर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






