Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaबेटी के जन्म पर भी मनाएं खुशियां, समाज को सकारात्मक संदेश दें...

बेटी के जन्म पर भी मनाएं खुशियां, समाज को सकारात्मक संदेश दें : एसडीएम आकाश शर्मा

आपकी बेटी हमारी बेटीयोजना के प्रचार-प्रसार में सहयोग के लिए किन्नर समाज से किया आह्वान

टोहाना 3 जुलाई 2026 (संजीव शर्मा) :समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वीरवार को एसडीएम आकाश शर्मा की उपस्थिति में किन्नर समाज के प्रतिनिधियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हरियाणा सरकार की ‘आपकी बेटी हमारी बेटी’ योजना की जानकारी देते हुए किन्नर समाज के प्रतिनिधियों को योजना से संबंधित प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) वितरित किए गए तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि बेटा और बेटी दोनों समान हैं तथा दोनों को समान सम्मान, अवसर और अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी कई स्थानों पर पुत्र जन्म को अधिक महत्व दिया जाता है, जबकि बेटियां भी परिवार और समाज का समान रूप से गौरव बढ़ाती हैं। उन्होंने किन्नर समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे लोगों को यह संदेश दें कि जिस प्रकार पुत्र के जन्म पर उल्लास के साथ खुशियां मनाई जाती हैं, उसी प्रकार पुत्री के जन्म पर भी पूरे उत्साह और सम्मान के साथ खुशियां मनाई जाएं।

एसडीएम ने कहा कि किन्नर समाज का सामाजिक आयोजनों और शुभ अवसरों पर विशेष प्रभाव होता है। ऐसे में वे नवजात शिशु के जन्म, गृह प्रवेश तथा अन्य मांगलिक अवसरों पर लोगों को ‘आपकी बेटी हमारी बेटी’ योजना के बारे में जानकारी देकर पात्र परिवारों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता प्रयासों से बेटियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर करमजीत कौर ने योजना के उद्देश्य, पात्रता और लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किन्नर समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे समाज में जागरूकता फैलाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में सुमन, रीना महंत, दीपिका महंत सहित किन्नर समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments