चंडीगढ़, 9 जुलाई। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। राज्य सरकार ने ग्रुप ‘ए’ और ‘बी’ अधिकारियों के प्रमुख सेवा मामलों में विजिलेंस क्लीयरेंस को अनिवार्य कर दिया है, वहीं नई मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2026 के तहत अगले 10 दिनों में पहली ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के आश्रितों के लिए स्टेनोग्राफी हिंदी कोर्स में प्रवेश तथा 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे से जुड़े विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की गई है।
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब ग्रुप ‘ए’ और ‘बी’ अधिकारियों की पदोन्नति, पेंशन, सेवानिवृत्ति, पासपोर्ट जारी करने, प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) और अन्य निर्धारित सेवा मामलों में विजिलेंस क्लीयरेंस या एनओसी प्राप्त करना अनिवार्य होगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी विभागों, बोर्डों, निगमों और सरकारी संस्थाओं को निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव भेजने तथा सेवानिवृत्ति मामलों में कम से कम एक वर्ष पहले प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इसी के साथ हरियाणा सरकार ने मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2026 को लागू करने की दिशा में तेजी दिखाते हुए सभी विभागों को 10 दिनों के भीतर आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा है। नई नीति लागू होने के साथ ही मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2025 को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि भविष्य में सभी नियमित तबादले नई ऑनलाइन प्रणाली के तहत पारदर्शी, मेरिट आधारित और तकनीक-संचालित तरीके से किए जाएंगे। कर्मचारियों के एचआरएमएस रिकॉर्ड अपडेट करने, सॉफ्टवेयर मॉड्यूल तैयार करने और मेडिकल व दिव्यांगता प्रमाण पत्र समयबद्ध तरीके से जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उधर, पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों की विधवाओं तथा अर्धसैनिक बलों के आश्रितों के लिए सत्र 2026-27 में स्टेनोग्राफी हिंदी (एनसीवीटी) के एक वर्षीय कोर्स में प्रवेश के लिए 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। कुल 24 सीटों वाले इस कोर्स में दसवीं पास और 14 वर्ष से अधिक आयु के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। यदि सीटें खाली रहती हैं तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को भी प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।
वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री भिवानी और नारनौल के नए मेडिकल कॉलेजों, कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक सहित कई हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह दिन हरियाणा के विकास के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा।






