जाखल मंडी ,11 जुलाई, 2026 (संजीव शर्मा) : आज बृजलाल जिंदल डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, जाखल मंडी में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की बुराइयों से बचाकर उन्हें स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.आई. श्री सुंदरलाल जी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि “नशा एक बार की जिज्ञासा है जो जीवन भर का पछतावा बन जाता है। अपने लक्ष्य पर ध्यान दो, नशे पर नहीं।” उन्होंने अपनी कविता में कहा –
“नशा जहर है, जीवन का बैरी, इससे दूर रहो मेरे साथी। पढ़ाई करो, खेलो कूदो, बनो देश के भाग्य विधाता।”
प्राचार्या कविता शर्मा जी ने बच्चों को बताया कि “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नशा कमजोर लोगों का सहारा है। डी.ए.वी. का हर बच्चा मजबूत और संस्कारी बने।” उन्होंने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हुए समझाया कि “हमारा शरीर मंदिर है। इसे नशे से अपवित्र न करें। गीता में कहा गया है – आत्म संयम ही सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने बच्चों को रोज प्रार्थना और योग करने की सलाह दी।
इस पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं मंच संचालन विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री जितेंद्र रत्तेवाल जी ने किया। उन्होंने बच्चों को खेल-कूद, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की सबसे आकर्षक प्रस्तुति नैंसी मैडम के सानिध्य में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रही। नाटक के माध्यम से बच्चों ने गलत संगत से बचने और “नशे को ना” कहने का दमदार संदेश दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम से बच्चों में नशे के प्रति नकारात्मक सोच विकसित हुई और उन्होंने नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने “हम नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से बचाएंगे” की शपथ ली।
अंत में प्राचार्या श्रीमती कविता शर्मा जी ने सभी अतिथियों, एस.आई. सुंदर लाल जी, जितेंद्र रत्तेवाल जी, नैंसी मैडम और सहयोगी अध्यापकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ही बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित होते हैं।
इस कार्यक्रम से बच्चों में नशे के प्रति घृणा और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा जागृत हुई।
कविता शर्मा
स्कूल की संचालिका
ब्रिज लाल जिंदलडीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल
बलरां रोड, जाखल मंडी जिला. फ़तेहाबाद (हरियाणा)-12513393554-92858
Email: davschooljakhal@yahoo.com
website: www.davjakhal.org
प्रबंधन: डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमिटी, नई दिल्ली।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), दिल्ली से संबद्ध। संबद्धता संख्या: 530396






