सढौरा से रहे थे विधायक, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा के करीबी सहयोगियों में थी गिनती
यमुनानगर, 20 जुलाई, 2026 : हरियाणा के यमुनानगर से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजपाल भुखड़ी का सोमवार सुबह हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह राजपाल भुखड़ी को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई और दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे।
राजपाल भुखड़ी लंबे समय तक कांग्रेस की सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के करीबी सहयोगियों में उनकी गिनती होती थी। वर्ष 2009 में उन्होंने सढौरा (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। उस चुनाव में उन्हें 47,263 मत प्राप्त हुए थे।
विधानसभा सदस्य के रूप में उन्होंने किसानों, सिंचाई, सड़क, बिजली, शिक्षा और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़े जनप्रतिनिधि के रूप में रही।
वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के बाद वह पार्टी नेतृत्व और विशेष रूप से कुमारी सैलजा से नाराज बताए जाते थे। इसके बावजूद उनकी पहचान कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेताओं में बनी रही।
राजपाल भुखड़ी का जन्म 19 मई 1971 को तत्कालीन अंबाला जिले (वर्तमान यमुनानगर) के गांव भुखड़ी में हुआ था। वह अपने परिवार के साथ यमुनानगर के सेक्टर-17 में निवास करते थे।
उनके निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।






