बस्सी पठाना, 24 जुलाई,2026 (लछ्मण सिंह) : हलका बस्सी पठाना के विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी ने गांव बहेड़ में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

विधायक हैप्पी ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य लोगों को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि लोक मिलनी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्सी पठाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों और शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। क्षेत्र में सड़कों, गलियों-नालियों, पेयजल व्यवस्था, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य जारी हैं।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और लोगों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पंजाब सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से बस्सी पठाना क्षेत्र को विकास और खुशहाली के मार्ग पर आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर सरपंच जसविंदर कौर, ब्लॉक समिति सदस्य यादविंदर सिंह, यूथ क्लब प्रधान मनदीप सिंह, समूह पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






