अमृतसर, 28 जुलाई, 2026 (राजेश कुमार): अमृतसर का श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा केंद्र सरकार के नए ‘हब-एंड-स्पोक’ फ्लाइट कनेक्टिविटी मॉडल की शुरुआत के साथ उत्तर भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब बनने की दिशा में आगे बढ़ गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु द्वारा वर्चुअली उद्घाटन किए गए इस मॉडल के तहत अब अंतरराष्ट्रीय यात्री दिल्ली के माध्यम से जाने वाली अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट्स के लिए चेक-इन, इमिग्रेशन, कस्टम क्लीयरेंस और बैगेज ड्रॉप की प्रक्रिया अमृतसर हवाई अड्डे पर ही पूरी कर सकेंगे। इस सुविधा के तहत यात्रियों का सामान सीधे उनकी अंतिम अंतरराष्ट्रीय मंजिल तक पहुंच जाएगा और दिल्ली पहुंचने के बाद यात्री केवल लगभग 4 घंटे के भीतर आसानी से अपनी अगली उड़ान ले सकेंगे। इससे यात्रियों को समय की बचत होगी और यात्रा प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि अमृतसर और दिल्ली के बीच हर साल लगभग 3 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्री सफर करते हैं। इस नई व्यवस्था से पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही राज्य के पर्यटन, होटल उद्योग, कार्गो क्षेत्र और अर्थव्यवस्था को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने इसे एक ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि 25 जून को वाराणसी से शुरू की गई इस योजना को अब अमृतसर में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजना पूरे देश में 4 ऐसे हब और 40 स्पोक विकसित करने की है, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय और सुगम हवाई यात्रा सुविधा मिल सके।






