अमलोह/फतेहगढ़ साहिब, 31 जुलाई,2026 (छत्रपाल सिंह): श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा तैयार करवाई गई विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से जिला फतेहगढ़ साहिब के गांवों में गुरु साहिब के जीवन, दर्शन और सामाजिक सुधारों संबंधी जागरूकता फैलाने का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत बीते दिनों सरहिंद ब्लॉक के गांव वजीर नगर, मुल्लांपुर कलां तथा अमलोह ब्लॉक के गांव मशराए खुर्द और रुड़की में डॉक्यूमेंट्री फिल्म के विशेष शो आयोजित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में गांववासियों ने भाग लेकर फिल्म देखी और श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए समानता, भाईचारे, मानव एकता और सामाजिक सद्भावना के संदेश के बारे में जानकारी प्राप्त की।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) श्री सुरिंदर सिंह धालीवाल ने बताया कि गांव स्तर पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म के शो लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग श्री गुरु रविदास जी की महान विचारधारा से परिचित हो सकें। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को ब्लॉक अमलोह के गांव हिम्मतगढ़ छन्ना, भांबरी और ब्लॉक सरहिंद के गांव खेड़ी तथा मुल्लांपुर कलां में भी डॉक्यूमेंट्री फिल्म के शो आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन शो में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और श्री गुरु रविदास जी के जीवन एवं शिक्षाओं से प्रेरणा प्राप्त करें।






