कुरुक्षेत्र, 1 अगस्त 2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में चल रहे छह दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों, कार्यकारी अभियंताओं तथा उपमंडल अभियंताओं को कुरुक्षेत्र जिले की ग्राम पंचायत अटवान का अध्ययन भ्रमण करवाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पंचायत द्वारा किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण कर ग्रामीण विकास के सफल मॉडल को समझा।

ग्राम सचिवालय अटवान में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास की वास्तविक समझ केवल पुस्तकीय ज्ञान से नहीं, बल्कि गांवों में जाकर वहां किए जा रहे कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव लेने से विकसित होती है। उन्होंने कहा कि अध्ययन भ्रमण अधिकारियों को नई कार्य प्रणालियों, नवाचारों और जनभागीदारी आधारित विकास योजनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में किए जा रहे बेहतर प्रयासों को अपनाकर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अटवान पंचायत में विकसित तालाब, शिवधाम और ग्राम सचिवालय का निरीक्षण किया। पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों ने इन परियोजनाओं की योजना, निर्माण प्रक्रिया, रखरखाव और ग्रामीण सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक एवं संस्थान के सहायक आचार्य संदीप कुमार ने बताया कि अध्ययन भ्रमण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को पंचायत प्रशासन और ग्रामीण विकास के सफल उदाहरणों से व्यावहारिक रूप से परिचित करवाना है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में बेहतर योजनाओं को लागू कर सकें।
ग्राम पंचायत अटवान के सरपंच विक्रम अटवान ने डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान सहित सभी प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. चौहान ने पंचायत द्वारा विकसित अमरूद के बाग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सरपंच विक्रम अटवान ने कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने पंचायत में हुए विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी अधिकारियों के साथ साझा की।
सीकर, राजस्थान की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुनीता कुमावत ने अटवान पंचायत में हुए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्थाएं और विकास मॉडल अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक हैं।
अध्ययन भ्रमण में हरियाणा और राजस्थान से आए कई अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें सुशीला (खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, अलवर), अभिषेक (कार्यकारी अभियंता, जिला परिषद कैथल), सुरेश चंद (खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, करौली, राजस्थान), ईश्वरेंद्र (उपमंडल अभियंता, बेरी, झज्जर) और सुनीता कुमावत (खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, सीकर, राजस्थान) सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।
इस अवसर पर ग्राम सचिव रविंद्र यादव, कार्यकारी अभियंता अंकित वर्मा, कनिष्ठ अभियंता अमनदीप, सरपंच विक्रम अटवान, कृष्ण पटवारी, बलजिंदर राव सहित ग्राम पंचायत अटवान के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।






