चंडीगढ़, 1 अगस्त,2026 (अमनदीव सरां): युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना और उनकी रचनात्मक व सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवा मेरा युवा भारत पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतियोगिताओं के लिए नशा मुक्ति और विकसित भारत की थीम पर विभिन्न विषय निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के तहत लोक गीत, एक्ट व मीम एक्ट प्रदर्शन, लघु फिल्म एवं रील प्रतियोगिता, पेंटिंग, वाद-विवाद और नारा लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को जिला और राज्य स्तर पर भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर के विजेताओं को 14-15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा।






