Thursday, August 27, 2026
HomePatialaनीट-2026 क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी...

नीट-2026 क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) ने किया सम्मानित।

पटियाला, 6 अगस्त,2026 (जतिंदर सिंह) : जिला शिक्षा अधिकारी पटियाला शालू महिरा ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए प्रमाणपत्र प्रदान कर विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि इन विद्यार्थियों की तैयारी और मार्गदर्शन में साइंस पीडीएम, जिला नोडल लेक्चरर, स्कूल प्राचार्यों, की-रिसोर्स पर्सन, साथी टीम तथा साइंस लेक्चररों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने विशेष रूप से जिले के पीडीएम संदीप कुमार, मनदीप कौर अंटाल, सुधीर कुमार, दीपक कुमार तथा जिला नोडल लेक्चरर दौलत राम को भी सम्मानित किया। इस परीक्षा की तैयारी में विशेष योगदान देने वाले दो की-रिसोर्स पर्सन प्रिया कोहली (सनौर मुंडे) और राजदीप कौर (एनपीसी पटियाला), चार एसपीओसी—अल्पना गोयल, मंजू बाला, मनजीत कौर और संदीप कौर—तथा आठ एसओई स्कूलों के नोडल लेक्चररों को भी सम्मानित किया गया।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) पटियाला डॉ. रविंद्रपाल सिंह ने सफल विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनके मेरिट अंकों की जानकारी ली और शिक्षकों को प्रेरित किया कि अगले वर्ष इस संख्या को 150 से अधिक तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जिले के 71 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 104 हो गई है। इनमें से 58 विद्यार्थी गैर-एसओई स्कूलों से, 24 विद्यार्थी एसओई स्कूलों से तथा 22 विद्यार्थी मेरिटोरियस स्कूल पटियाला से संबंधित हैं। सम्मानित किए गए एसओई शिक्षकों में हरदीप कौर (भुनरहेड़ी), रवदीप कौर (फीलखाना, पटियाला), नेतलिया सूद (बलवेड़ा), अमरदीप सिंह विरक (मंडौर), निशू बाला (समाना), दलजीत कौर (भादसो), एनी ठाकुर (नाभा मुंडे) और समृद्धि खुल्लर शामिल हैं।

उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रविंद्रपाल शर्मा ने बताया कि पूरे पंजाब में सरकारी स्कूलों के कुल 881 विद्यार्थियों ने नीट-2026 परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिनमें से 104 विद्यार्थी अकेले पटियाला जिले से हैं। उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है।

पीडीएम मनदीप कौर ने जिला शिक्षा अधिकारी का साथी टीम की ओर से इस पहल के लिए धन्यवाद किया और जानकारी दी कि नीट की तैयारी ‘साथी’ कार्यक्रम के अंतर्गत साथी ऐप के माध्यम से आईआईटी कानपुर की टीम द्वारा करवाई जाती है। विद्यार्थी अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन कक्षाओं, मॉक टेस्ट, डेली प्रॉब्लम प्रैक्टिस और डाउट सेशन में भाग लेकर इस परीक्षा की तैयारी करते हैं।

डॉ. रजनीश कुमार, प्राचार्य फीलखाना पटियाला, ने जिला शिक्षा अधिकारी, साथी टीम, विद्यार्थियों के अभिभावकों और उपस्थित शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रेस इंचार्ज जसविंदर सिंह भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments