8 अगस्त 2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज सेक्टर-1, पंचकूला स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट की आधारशिला रखी। इस लिफ्ट के निर्माण पर 73.31 लाख रुपये की लागत आएगी और इसे छह महीने के भीतर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल के साथ लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष भी मौजूद रहीं।
राज्यपाल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लिफ्ट का निर्माण निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार किया जाए तथा काम में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि लिफ्ट में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
इसके बाद राज्यपाल ने मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल परिसर का दौरा किया और मरीजों तथा उनके परिजनों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, इलाज और अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
प्रो. असीम कुमार घोष ने अस्पताल के निदेशक को निर्देश दिए कि ओपीडी के बाहर इंतजार करने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पंखों की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें प्रतीक्षा के दौरान परेशानी न हो।
राज्यपाल ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध नई मशीनों और उपकरणों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने निजी वार्ड, वेटिंग रूम, मरीजों के लिए पेयजल व्यवस्था, शौचालय और इलेक्ट्रोथेरेपी रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अस्पताल परिसर में पौधारोपण
बाद में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अस्पताल परिसर में पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री विजयकुमार भाविकट्टी, राज्यपाल के एडीसी स्क्वाड्रन लीडर पी. भरत, मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल के निदेशक डॉ. वी.के. नागपाल, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पंचकूला की पुलिस उपायुक्त श्रीमती अदिति सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






