8 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने आज पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित सरकारी कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर का जायजा लिया और विद्यार्थियों के बीच जाकर बेहद सहजता से उनसे सीधे संवाद किया। शिक्षा मंत्री ने छात्रों की शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए मौके पर मौजूद कॉलेज प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों, संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। छात्रों ने विशेष रूप से कॉलेज में शारीरिक शिक्षा में पोस्ट ग्रेजुएशन यानी एम.पी.एड. पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार इन पर सकारात्मक और सार्थक तरीके से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में एम.पी.एड. पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर मिल सकें।
विद्यार्थी देश का भविष्य, अपनी ऊर्जा का देश निर्माण में करें सही इस्तेमाल
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि युवा और विद्यार्थी किसी भी राष्ट्र का वास्तविक भविष्य और उसकी ऊर्जा का आधार होते हैं। आज का युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़े तो वह न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने तथा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने कौशल को निखारने पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
युवाओं को रोजगारपरक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने और युवाओं को रोजगारपरक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कॉलेज प्रशासन को दिए आवश्यक निर्देश
शिक्षा मंत्री ने कॉलेज के प्रोफेसरों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि समय-समय पर छात्रों के साथ संवाद किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन को साफ-सफाई, पेयजल और लाइब्रेरी जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री के इस दौरे और उनके सहज व्यवहार से विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।






