12 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): पंजाब के गुरदासपुर में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
एहतियात के तौर पर डीसी कार्यालय परिसर को खाली करा दिया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेते हुए आसपास के रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है। स्थिति का जायजा लेने के लिए एसएसपी आदित्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें कार्यालय परिसर में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं। वहीं, धमकी वाले ईमेल की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किसने भेजा और इसके पीछे क्या मकसद था।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हुए हैं। सुरक्षा कारणों से परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है।






