लाडवा 19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): लाडवा एस.डी.एम. अनुभव मेहता ने राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरोट का औचक दौरा किया। इसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता और स्कूलों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेना है। विद्यालय पहुंचने पर एसडीएम ने विद्यार्थियों से बातचीत की। इसके पश्चात उन्होंने कक्षाओं, पुस्तकालय, मिड डे मील, शौचालय व पेयजल व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे ही कल का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर माहौल देना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्कूल में सभी विषयों की समय पर पढ़ाई सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं। स्कूल परिसर, कक्षाओं और शौचालयों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही पेयजल, बिजली, पंखे और बैठने की उचित व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
उन्होंने कहा कि स्कूल में जो भी मरम्मत कार्य लंबित हैं, उनकी सूची तुरंत बीईओ कार्यालय को भेजी जाए। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। एसडीएम ने विद्यार्थियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के परिणाम बेहतर हों इसके लिए शिक्षक और अभिभावक मिलकर काम करें। लाडवा उपमंडल में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। एसडीएम अनुभव मेहता ने स्कूल स्टाफ से स्कूल की जरूरतों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान इंचार्ज नीलम सैनी ने बताया कि स्कूल में छठी से 12वीं कक्षा तक के करीब 454 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल के 11वीं व 12वीं कक्षा के लिए कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम ही उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस समय स्कूल में लगभग 31 का स्टाफ कार्यरत है। पूरे स्कूल की निगरानी के लिए लगभग 25 सीसीटीवी कैमरे, मोनिटर सहित पूरा सैट उपलब्ध करवाने की जरूरत है। इस मौके पर नीलम सैनी, सरिता, प्रदीप, वंदना, रवि सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।






