Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaयुवाओं को नशे, इमीग्रेशन एजेंटों और गैंग से बचाने में समाज अपनी...

युवाओं को नशे, इमीग्रेशन एजेंटों और गैंग से बचाने में समाज अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे: डा. सागर प्रीत

कुरुक्षेत्र, 21 अगस्त:2026 : डीजीपी चंडीगढ़ डा. सागर प्रीत ने कहा कि युवाओं को नशे, इमीग्रेशन एजेंटों और गैंग की चपेट में आने से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवाओं को पढ़ाई, कौशल विकास और खेलों की ओर प्रेरित करना समय की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह से जींद जिले के प्रत्येक गांव में युवाओं और नागरिकों को जागरूक करने के लिए 80 स्थानों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। पंचायतों के सहयोग से गांवों में ई-लाइब्रेरी और खेल मैदान विकसित करने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

डा. सागर प्रीत देर शाम कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। केडीबी कार्यालय पहुंचने पर एडीसी वीरेंद्र चौधरी ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक करने का अभियान सबसे पहले जींद जिले से शुरू किया जाएगा। जिले को 80 हिस्सों में बांटा गया है और प्रत्येक स्थान पर पांच-पांच गांवों को जोड़ा गया है। इन गांवों से पांच-पांच नागरिकों को एक स्थान पर एकत्र कर युवाओं से संबंधित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में जागरूक किया जाएगा। युवाओं को आगे बढ़ने के लिए विभिन्न कौशल और संबंधित क्षेत्रों की जानकारी विशेषज्ञों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

डीजीपी ने कहा कि सरकारी नौकरियों के पद सीमित हैं और सरकार सभी युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं दे सकती। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार या उचित मार्गदर्शन नहीं मिलने पर कुछ युवा बेरोजगारी के कारण नशे की ओर बढ़ जाते हैं या जल्दी पैसा कमाने के लिए गैंग का हिस्सा बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शॉर्टकट के बजाय कानूनी और सही रास्ते से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है।

उन्होंने विदेश जाने की चाह रखने वाले युवाओं को इमीग्रेशन एजेंटों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब के कई युवा विदेश जाने के प्रयास में फर्जी या गैरकानूनी एजेंटों के जाल में फंस जाते हैं और डंकी रूट के माध्यम से भेजे जाने के कारण गंभीर परेशानियों का सामना करते हैं। इस समस्या पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सरकारी कार्रवाई के साथ सामाजिक भागीदारी भी जरूरी है।

डा. सागर प्रीत ने कहा कि युवाओं को विदेश जाने के लिए प्रक्रियाओं की जानकारी स्वयं हासिल करनी चाहिए। पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वयं किया जा सकता है और वीजा के लिए संबंधित दूतावास से संपर्क करना चाहिए। विदेश में नौकरी के संबंध में संबंधित देश के आधिकारिक हेल्पलाइन या माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सही जानकारी होने पर युवा ठगी से बच सकते हैं और अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments