टोहाना, 24 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘गुरु रविदास सामाजिक समरसता संकल्प अभियान’ के तहत गांव पिरथला में कलश वंदन यात्रा आयोजित की गई। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर गुरु रविदास जी को नमन किया और लोगों से उनके समानता, सेवा, भाईचारे एवं मानवता के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

सांसद सुभाष बराला ने कहा कि गुरु रविदास जी किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के संत थे। उन्होंने जात-पात, छुआछूत और ऊंच-नीच का विरोध करते हुए समरस समाज का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। 20 फरवरी 2027 को राज्य स्तर पर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इससे पहले पार्टी के संगठनात्मक जिलों में कलश यात्राओं, जनसंपर्क एवं विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
पार्टी गतिविधियों के साथ जनजागरण अभियान को दिया जाएगा विस्तार
सांसद सुभाष बराला ने कहा कि संगठन द्वारा इस अभियान को जनसंपर्क गतिविधियों से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है। मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लोगों को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश से जोड़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में करीब 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास जी महाराज स्मारक एवं भव्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। सरकार द्वारा संत-महापुरुष सम्मान एवं प्रचार-प्रसार योजना के तहत विभिन्न संतों और महापुरुषों की जयंती एवं स्मृति कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है। सामाजिक न्याय, गरीब एवं वंचित वर्गों का कल्याण और सभी को समान अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर गांव पिरथला के सरपंच रामकुमार, सनियाना मंडल अध्यक्ष विनोद टीब्बी, डॉ. मदन, राजेश, बिंद्र, राजकुमार, सतबीर सिंह, टिंकू शर्मा, दलीप खिलेरी, नायब सिंह, महेंद्र बोलान, नेकी राम मेहरा, पवन नैन, सत्यनारायण जांगड़ा, मंगत राम लोहमरोड़, करनैल नैन, संतलाल ठरवा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






