Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabचूड़ल खुर्द में 33 लाख रुपये की लागत से तैयार खेल स्टेडियम...

चूड़ल खुर्द में 33 लाख रुपये की लागत से तैयार खेल स्टेडियम का कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने किया लोकार्पण

लहरागागा, 24 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): गांव चूड़ल खुर्द में करीब 33 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए खेल स्टेडियम का पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांव स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल मैदानों और स्टेडियमों के विकास से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच मिलता है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों की किटें भी वितरित कीं। फुटबॉल खिलाड़ियों को 3 फुटबॉल, 36 स्टड, 1 जोड़ी फुटबॉल नेट और 1 किट बैग दिया गया। इसी तरह वॉलीबॉल खिलाड़ियों को 3 वॉलीबॉल, 1 वॉलीबॉल नेट और 1 किट बैग, जबकि क्रिकेट खिलाड़ियों को 2 बैट, 2 बॉक्स बॉल और किट बैग प्रदान किए गए।

श्री गोयल ने कहा कि खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध करवाने से वे खेल गतिविधियों में और अधिक उत्साह के साथ हिस्सा लेंगे। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने, कड़ी मेहनत करने और अपने गांव, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों में खेलों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़कर उनके लिए स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।

इस अवसर पर सरपंच सुरिंदर सिंह बिल्ला, अजीब सिंह, हरप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गांव के गणमान्य लोग, खेल प्रेमी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

गांववासियों ने नया खेल स्टेडियम जनता को समर्पित करने और खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब सरकार तथा कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल का धन्यवाद किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments