कुरुक्षेत्र 26 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): उप निदेशक सुरमयी शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से 27 अगस्त को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं से संवाद करेंगे और खेल तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के एनआईटी संस्थान, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र और दयानंद महाविद्यालय कुरुक्षेत्र में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया संवाद के दौरान देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को तैयार करने, शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम युवाओं को खेलों में बेहतर अवसरों के साथ देश के विकास में अपनी भूमिका समझने का मंच प्रदान करेगा।
उप निदेशक सुरमयी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में युवाओं को जिले के स्थानीय खिलाडिय़ों एवं खेल प्रतिभाओं से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा युवा अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा कर सकेंगे। युवाओं को वीबीवाईएलडी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से 27 अगस्त को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। युवाओं के विचार, सुझाव और सक्रिय सहभागिता देश के खेल क्षेत्र को नई मजबूती देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को और प्रभावी बनाएगी।






