पटियाला, 31 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): पंजाबी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बढ़ाई गई ट्यूशन/कोर्स फीस, रजिस्ट्रेशन फीस और हॉस्टल फीस को पूरी तरह वापस लेने का फैसला किया है। इस निर्णय से छात्रों को बड़ी राहत मिली है।
फीस बढ़ोतरी के विरोध में पिछले करीब तीन सप्ताह से विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से विश्वविद्यालय के वीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया जा रहा था। छात्रों ने फीस में किसी भी तरह की बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की थी।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जगदीप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की उच्च स्तरीय बैठक में छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए फीस बढ़ोतरी वापस लेने का निर्णय लिया गया। अब 2026-27 में फीस का ढांचा पिछले शैक्षणिक सत्र के स्तर पर ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय आर्थिक चुनौतियों के बावजूद यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी योग्य छात्र को आर्थिक परेशानी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न होना पड़े। प्रशासन ने छात्रों और अन्य हितधारकों की चिंताओं पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया है।






