पटियाला, 01 सितंबर, 2026 (राजेश कुमार): पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें नशों से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ सीजन-4 के तहत डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज पटियाला में खेलों के पोर्टल को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा प्रदान करने तथा खेल संस्कृति को और मजबूत करने के लिए ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि जिला पटियाला के निर्धारित 10 ब्लॉकों में ब्लॉक स्तरीय टूर्नामेंट 7 सितंबर से 16 सितंबर, 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने खिलाड़ियों, युवाओं और जिला निवासियों से इन खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने तथा खेलों के पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करवाने की अपील की।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 7 से 9 सितंबर, 2026 तक ब्लॉक पटियाला ग्रामीण के टूर्नामेंट फिजिकल कॉलेज में, पटियाला शहरी के पोलो ग्राउंड में, नाभा ब्लॉक के सरकारी रिपुदमन कॉलेज में तथा राजपुरा ब्लॉक के सरकारी स्टेडियम, राजपुरा में आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार 10 से 12 सितंबर, 2026 तक घनौर ब्लॉक के टूर्नामेंट यूनिवर्सिटी कॉलेज में, सनौर ब्लॉक के शहीद ऊधम सिंह स्टेडियम में तथा शंभू कलां ब्लॉक के टूर्नामेंट मुख्यमंत्री खेल मैदान, गांव ढकानसू में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 14 से 16 सितंबर, 2026 तक समाना ब्लॉक के टूर्नामेंट पब्लिक कॉलेज, समाना में, पातड़ां ब्लॉक के मुख्यमंत्री खेल मैदान, गांव देधना में तथा भुनरहेड़ी ब्लॉक के टूर्नामेंट जवाहर नवोदय विद्यालय, फतेहपुर में आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन और खेल विभाग द्वारा इन खेलों के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ एवं नशा मुक्त पंजाब के निर्माण में अपना योगदान दें।इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल भी उपस्थित थे।






