पटियाला, 01 सितंबर, 2026 (अनिल कुमार भारती ): जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों और महिलाओं को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में प्रधान एस के गौतम और जनरल सेक्रेट्री विनोद शर्मा के कुशल नेतृत्व में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत जनहित समिति (रजि.), पटियाला ने एक सराहनीय पहल की है। समिति के बचित्तर नगर स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में बीएसएनएल की टीम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को नए निःशुल्क सिम कार्ड वितरित किए। इन सिम कार्डों के साथ एक माह तक निःशुल्क डेटा एवं कॉलिंग सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। इससे छात्राओं को संचार एवं डिजिटल सुविधाओं से जुड़ने के साथ-साथ अपनी शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर बीएसएनएल टीम के सदस्यों के साथ श्री अमन शर्मा, सरदार जशनप्रीत सिंह, श्री संजय कुमार तथा मैडम जसप्रीत कौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनहित समिति की ओर से श्री सतीश जोशी, मैनेजर तथा श्री अनिल कुमार भारती, संस्थापक सदस्य ने बीएसएनएल टीम का स्वागत करते हुए इस जनहितकारी पहल के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया।
श्री अनिल कुमार भारती ने बताया कि जनहित समिति (रजि.), पटियाला की स्थापना वर्ष 1987 में स्वर्गीय पंडित ओम प्रकाश कौशिश जी द्वारा की गई थी। संस्था का मुख्य कार्यालय बचित्तर नगर, पटियाला में स्थित है, जिसके लिए भूमि रसालदार अमर सिंह जी द्वारा दान की गई थी। संस्था पिछले कई दशकों से जरूरतमंद और कमजोर वर्गों की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था के प्रधान श्री एस. के. गौतम और जनरल सेक्रेट्री श्री विनोद कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में दो कंप्यूटर लर्निंग सेंटर तथा छः सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां गरीब एवं जरूरतमंद बेटियों और महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई तथा कंप्यूटर शिक्षा का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।






