पटियाला, 5 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह): पटियाला के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने पंजाब सरकार द्वारा पटियाला शहरी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पी.एम-26 रंगला पंजाब विकास योजना के तीसरे चरण के तहत 5 करोड़ रुपये के फंड जारी करने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया है।
इन फंडों से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने आज नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल, अतिरिक्त कमिश्नर सिमरनप्रीत कौर तथा लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन कार्यों की प्रगति की अगली समीक्षा बैठक 26 सितंबर को की जाएगी।
विधायक कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा पटियाला शहर के विकास के लिए बड़े स्तर पर कार्य करवाए जा रहे हैं और कोई भी विकास कार्य अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा किया जाएगा।
अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि पटियाला शहर ने दो बार पंजाब को मुख्यमंत्री दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर लंबे समय तक विकास के मामले में पिछड़ा रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पटियाला के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शहर के सर्वांगीण विकास का बीड़ा उठाया है और अब विभिन्न विकास कार्य पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करवाए जा रहे हैं।






