पटियाला, 6 सितंबर,2026 ( अनिल कुमार भारती): अध्यापक दिवस के अवसर पर सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जनहित समिति (पंजीकृत), पटियाला द्वारा बारादरी गार्डन स्थित चिल्ड्रन पार्क में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। समिति के प्रधान श्री एस. के. गौतम और महासचिव श्री विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान लगभग 300 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
वृक्षारोपण अभियान में समिति के सदस्यों, दानदाताओं और समाजसेवियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प भी लिया गया। उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण की अमूल्य विरासत बन सकता है।
इस अवसर पर जनहित समिति ने समाज के सभी वर्गों से एक भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हम अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा परिवार के किसी भी शुभ अवसर पर एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करें, तो छोटी-सी यह पहल भविष्य में बड़े पर्यावरणीय परिवर्तन का आधार बन सकती है।

समिति ने सभी सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं से भी आह्वान किया कि वे अपने सेवा कार्यों में वृक्षारोपण को प्राथमिकता दें और अधिक से अधिक लोगों को इस जन-अभियान से जोड़ें।
इस अवसर पर सरदार जसबीर सिंह ढिंडसा, सरदार जी. एस. चीमा, जगतार सिंह जग्गी, ए. एस. ढिल्लो, मनजीत सिंह, श्री अजय शर्मा, रविंदर गर्ग, निर्मल सिंह, एडवोकेट जसप्रीत सिंह, एडवोकेट विक्रम सिंह बेदी, गुरप्रीत सिंह ग्रेवाल तथा अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षाशास्त्री श्री अनिल कुमार भारती सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने अध्यापक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गुरुजनों एवं अध्यापकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से जिस प्रकार विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देते हैं, उसी प्रकार वृक्ष प्रकृति और मानव जीवन को सहारा देते हैं। इसलिए अध्यापक दिवस पर पौधारोपण करना ज्ञान, जीवन और प्रकृति के सम्मान का सुंदर प्रतीक है।
जनहित समिति ने संकल्प दोहराया कि पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा के कार्यों को भविष्य में भी निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।






