दुबई, 08 सितंबर, 2026 (विशाल गुप्ता): जापान के स्टार बल्लेबाज केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग 22 सितंबर को सानो में भारत के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टीम की कप्तानी करेंगे। जापान ने एशियाई खेलों को ध्यान में रखते हुए उसी 15 सदस्यीय टीम को चुना है, जो आइची-नागोया एशियाई खेलों में हिस्सा लेगी।
30 वर्षीय कादोवाकी फ्लेमिंग ने 55 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,871 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 139.41 है।
जापान की टीम में इब्राहिम ताकाहाशी और डेकलन सुजुकी मैककॉम्ब जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। आईसीसी के मुताबिक, कुछ ऐसे खिलाड़ियों को टीम में नहीं चुना गया है जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए योग्य हैं, लेकिन एशियाई खेलों के नियमों के तहत पात्र नहीं हैं।
भारत टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर है और मौजूदा टी20 विश्व कप चैंपियन है, जबकि जापान 41वें स्थान पर है। भारत-जापान के बीच यह मुकाबला दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
जापान 19 और 20 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगा। इसके बाद एशियाई खेलों में 24 सितंबर को अफगानिस्तान और 26 सितंबर को नेपाल से मुकाबला होगा।






