कुरुक्षेत्र, 10 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा) उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक उत्सव की तरह मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत ही कुरुक्षेत्र में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। जिसके माध्यम से देश व प्रदेश के विकासात्मक कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं, उत्सव व कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी अभियान में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को शामिल करते हुए प्रत्येक खंड के एक-एक गांव में शिविर लगाकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जाए। इसके साथ ही पिछले 12 वर्षों में जिले में विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों तथा इनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। सार्वजनिक स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाएगी तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के लिए किए गए कार्यों, सडक़ों, एक्सप्रेस वे तथा अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित किया जाए, ताकि इन विकास कार्यों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि चित्रकला, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया जाए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाए। सरकारी एवं निजी दोनों स्कूलों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

अब 1.80 लाख तक आय वाले परिवार भी बनेंगे लाडो लक्ष्मी योजना का हिस्सा
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अभियान के दौरान ब्लॉक स्तर पर विशेष ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। इन शिविरों में ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ को भी प्रमुखता से जोड़ा जाए, ताकि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सहायता सुनिश्चित की जा सके। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब परिवार की वार्षिक आय की पात्रता सीमा बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपये की जाएगी। एक नवंबर से पात्र लाभार्थियों को योजना की राशि का भुगतान शुरू किया जाएगा। ‘सेवा सेतु’ शिविरों के माध्यम से पात्र महिलाओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं सीईओ जिला परिषद पंकज सेतिया, एसडीएम पिहोवा राहुल, एसडीएम थानेसर अमन कुमार, एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी, एसडीएम लाडवा राजेश कुमार सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।






