फतेहाबाद, 10 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर फतेहाबाद मंडल की कार्यशाला बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेयरमैन बलदेव ग्रोहा ने मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने की।
मुख्य वक्ता चेयरमैन बलदेव ग्रोहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा एवं जनकल्याण की भावना को पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उनसे सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रधान प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच निरंतर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के साथ-साथ समाजसेवा को भी अपना दायित्व समझता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचें और सेवा, संगठन तथा समाजहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें।
बैठक में कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और इसे प्रभावी रूप से सफल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा के चेयरमैन भारतभूषण मिढा, उपाध्यक्ष इंद्र गावड़ी, जगदीश राय शर्मा, श्रीमती सविता टूटेजा, नीलांशी शर्मा, डा. सुमन बजाज, जगदीश नायक, कोषाध्यक्ष रामकुमार मेहरा, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी सहित मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।