Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryana17 सितंबर को अंबाला जिले में नमो मैराथन, कुरुक्षेत्र में रक्तदान शिविर...

17 सितंबर को अंबाला जिले में नमो मैराथन, कुरुक्षेत्र में रक्तदान शिविर और ड्रोन शो

अंबाला, 10 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा और परिवर्तनकारी सुशासन के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन आंदोलन का रूप देने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज अभियान के तहत सभी 23 जिलों की तैयारियों और जिलावार कार्य योजनाओं की समीक्षा की तथा सभी उपायुक्तों को अभियान में नागरिकों की सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक विभिन्न जिलों में जनकल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार और सामुदायिक भागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान की सफलता केवल आयोजित किए गए कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि लोगों की सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाले ठोस बदलाव से तय होनी चाहिए।

उन्होंने जिला प्रशासन को सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को विभागीय सीमाओं से ऊपर उठकर सरकार, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास के रूप में आगे बढ़ाया जाए। संबंधित प्रशासनिक सचिव अपने-अपने विभागों को आवंटित गतिविधियों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करें।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीप/रक्तदान’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगण मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को अंबाला जिले में नमो मैराथन आयोजित की जाएगी, जबकि इसी दिन कुरुक्षेत्र जिले में रक्तदान शिविर और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर ऐसा स्थायी और सकारात्मक प्रभाव पैदा करना होना चाहिए, जिससे नागरिक स्वयं विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने जिला प्रशासन को नवाचार, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा, कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री शेखर विद्यार्थी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक कुमार मीणा, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments