कुरुक्षेत्र 11 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला नगर आयुक्त अमन कुमार ने कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना करने से कई बार दुर्घटना होने पर स्वयं के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी जान-माल का नुकसान होने की संभावना बनी रहती है। अधिकतर सडक़ दुर्घटनाओं में जानमाल की क्षति यातायात नियमों की पालना ना करने के कारण होती है। इन दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वाहन चालकों को यातायात नियमों के साथ-साथ सडक़ पर दिए गए यातायात निर्देशों, यातायात चिन्हों की पालना करनी होगी।

डीएमसी अमन कुमार ने कहा कि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के निर्देशानुसार पुलिस व आरटीए विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 100 फुटा रोड पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान जिमखाना क्लब के सामने सेक्टर 7 को जाने वाले कट और सेक्टर 4-5 के चौक और सेक्टर 5 से गलत दिशा आने वाले वाहन चालकों को रोकने के लिए कटों को बंद करने का निर्णय लिया गया ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस दौरान वाहन चालकों को भी जागरूक किया गया और उन्हें जानकारी दी गई कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग, वाहन को मोड़ते समय डिप्पर इत्यादि का प्रयोग करके हमें अपने-अपने साथ-साथ दूसरों को भी दुर्घटना होने से बचा सकते है। इस मौके पर इंस्पेक्टर जोगिंदर ढुल, पुलिस इंस्पेक्टर शेर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।






