Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaअंबाला छावनी को पूरी तरह खुली नालियों से मुक्त करना हमारा लक्ष्य...

अंबाला छावनी को पूरी तरह खुली नालियों से मुक्त करना हमारा लक्ष्य – कैबिनेट मंत्री अनिल विज

अंबाला छावनी, 14 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी का स्वरूप बदलने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। तेजी से जल निकासी के लिए पहले अंबाला छावनी के पुराने सदर क्षेत्र में 65 करोड़ रुपये की लागत से स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाई गई थी और इसका परिणाम यह रहा कि बारिश के दौरान पानी जमा नहीं हुआ, साथ ही मक्खी-मच्छरों की समस्या भी खत्म हुई। अब हमारा लक्ष्य पूरे अंबाला छावनी को खुली नालियों से मुक्त करना है। हम चाहते हैं कि पूरा शहर नालियों से मुक्त हो। इसी उद्देश्य से आज लगभग 58 करोड़ रुपये की लागत से स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाने के कार्य की शुरुआत एकता विहार से की जा रही है, जिसका लोगों को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा।

श्री विज ने कहा कि इस कार्य के पूरा होने के बाद यह क्षेत्र खुली नालियों से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी जगाधरी रोड गोविंद नगर से सहारनपुर रेलवे लाइन की ओर टांगरी बांध तक स्ट्रॉम वाटर पाइपलाइन बिछाई जा रही है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन हरभजन सिंह को निर्देश दिए कि वे तीन-चार टीमें बनाएं, ताकि लालकुर्ती क्षेत्र, बीसी बाजार, आउटर लार्ज रोड के साथ-साथ एकता विहार क्षेत्र में स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि एकता विहार क्षेत्र में जहां कार्य का शिलान्यास किया गया है, वहां नालियों का लेवल ठीक करवाकर यह काम करवाया जाए, ताकि बरसात के दिनों में वर्षा जल की निकासी सुचारू रूप से हो सके। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जगाधरी रोड से डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र की ओर स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा, जिससे पूरा अंबाला नाली मुक्त हो जाएगा।

श्री विज ने कहा कि उनका पूरा प्रयास रहा है कि अंबाला छावनी को सुंदर और विकसित बनाया जाए और इसके लिए लोगों ने जो ताकत और आशीर्वाद दिया है, उसके तहत उन्होंने अंबाला छावनी में अनगिनत विकास कार्य करवाने का काम किया है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने लोगों से सहयोग करने की अपील की

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्ट्रॉम वाटर पाइपलाइन बिछाने के दौरान लोगों के घरों के सामने बने चबूतरों को तोड़ा जाएगा, ताकि पानी की पाइपलाइन बिछाई जा सके। इसके लिए उन्होंने लोगों से पूरा सहयोग देने की अपील की। उन्होंने बताया कि पहले जब सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वाटर पाइपलाइन बिछाई गई थी, तब लोगों ने पूरा सहयोग दिया था, जिसके कारण आज वहां जल निकासी बेहतर हो रही है।

कांग्रेस ने शहर के विकास को प्राथमिकता न देकर केवल श्रेय लेने का प्रयास किया – मंत्री अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि पहले 60-70 वर्षों तक कांग्रेस ने शासन किया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भी उनके रहे, लेकिन उन्होंने शहर के विकास को प्राथमिकता देने के बजाय केवल श्रेय लेने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हमने टांगरी नदी पर 8 किलोमीटर लंबा बांध बनाकर दिया, जिसे जीटी रोड से जोड़ा गया है। चार रेलवे फाटकों की जगह अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए गए हैं, केवल मच्छौंडा में ओवरब्रिज बनना बाकी है।

उन्होंने कहा कि टांगरी नदी हमारे जन्म से पहले से ही थी, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने नदी किनारे बांध को पक्का नहीं करवाया। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद हमने यह काम करवाया और लाखों लोगों को जलभराव से सुरक्षा प्रदान की। अब कहीं बारिश के कारण एक-दो फीट पानी जमा हो जाता है तो विपक्ष उसकी फोटो खिंचवाने लगता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के समय तो बारिश के दौरान अंबाला में नावें तक चलती थीं।

कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए टांगरी की खुदाई करवाई गई। वहीं महेश नगर पंप हाउस में पंपों की क्षमता बढ़ाते हुए नए पंप लगाए गए हैं।

महेश नगर ड्रेन के शेष हिस्से को पक्का करने के लिए 22 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर आवंटित – अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि महेश नगर ड्रेन के बाकी हिस्से को पक्का करने के लिए 22 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है और इसके तहत कार्य भी आवंटित हो चुका है। बरसात का मौसम समाप्त होते ही यहां काम शुरू हो जाएगा। ड्रेन निर्माण का डिजाइन आईआईटी रुड़की से तैयार करवाया गया है, जिससे भविष्य में मशीनों के माध्यम से ड्रेन की बेहतर सफाई की जा सकेगी।

सेंट्रल नाले को बंद करने से आसपास रहने वाले लोगों का जीवन बदला – अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमने सदर क्षेत्र में सेंट्रल नाले को बंद किया, जिसका आज वहां के लोगों को लाभ मिल रहा है और उनका जीवन बदल गया है। पहले लोग अपने घर का पता नाले के किनारे के रूप में बताते थे, लेकिन अब भूमिगत पाइपलाइन बिछने के बाद लोग ऊपर चारपाई और कुर्सियां लगाकर आराम से बैठते हैं।

अंबाला छावनी के विकास के लिए कई परियोजनाएं स्थापित करवाईं – अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि इससे पहले भी हमने शहर में कई बड़ी परियोजनाएं स्थापित करवाकर दी हैं, जो आज दिखाई देती हैं। यदि एक छोर से परियोजनाओं के बारे में बताया जाए तो इनमें नहरी पानी, सरकारी कॉलेज अंबाला छावनी, बस स्टैंड अंबाला छावनी, अनाज मंडी, शहीदी स्मारक, साइंस म्यूजियम, एसडीएम कार्यालय अंबाला छावनी, नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी, अटल कैंसर केयर सेंटर, फीफा (FIFA) से अप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम, ऑल वेदर स्विमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल, बैंक स्क्वायर, नगर परिषद कार्यालय, व्यायामशालाएं, सुभाष पार्क, एनसीडीसी सेंटर सहित अनेक ऐसी परियोजनाएं हैं, जिनका निर्माण करवाने का काम किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments