कुरुक्षेत्र, 14 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने बताया कि राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के छात्र मूल्यांकन प्रभाग द्वारा दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए पात्र विद्यार्थियों हेतु थ्योरी पाठ्यक्रमों के परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इग्नू के ओडीएल एवं ऑनलाइन कार्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी निर्धारित अवधि में अपना परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार परीक्षा फॉर्म जमा करने के लिए बिना विलम्ब शुल्क 30 सितंबर 2026 तक 200 रुपए प्रति थ्योरी पाठ्यक्रम और 1 अक्टूबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक 200 रुपए प्रति थ्योरी पाठ्यक्रम 1100 रुपए विलंब शुल्क सहित निर्धारित किए गए है।
क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा फॉर्म केवल समर्थ पोर्टल पर अपने लॉगिन के माध्यम से जमा करें तथा परीक्षा फॉर्म भरते समय अपने परीक्षा केंद्र एवं पात्र पाठ्यक्रमों का चयन सावधानीपूर्वक करें। परीक्षा फॉर्म जमा करने से पहले विद्यार्थी यह सुनिश्चित कर लें कि वे विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं, जिसमें वैध पंजीकरण, अध्ययन की न्यूनतम निर्धारित अवधि पूर्ण करना तथा जहां लागू हो, असाइनमेंट जमा करना शामिल है। क्षेत्रीय निदेशक ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए अपना परीक्षा फॉर्म समय से पहले जमा करें, ताकि अंतिम समय में होने वाली किसी भी तकनीकी अथवा अन्य असुविधा से बचा जा सके। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल विद्यार्थियों से अपील करता है कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय/क्षेत्रीय केंद्र की आधिकारिक सूचनाओं का नियमित रूप से अवलोकन करते रहे।






