Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaजनकल्याणकारी कार्यक्रम, सेवा-सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना अभियान का...

जनकल्याणकारी कार्यक्रम, सेवा-सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य

कुरुक्षेत्र 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में उत्सव की तरह मनाया जाएगा। जिलेभर में सेवा, सहयोग, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ब्रह्मसरोवर को दीप, लाइटों व रंगों के साथ सजावट की जा रही है। एक लाख दीपों के साथ-साथ भव्य ड्रोन शो का आयोजन होगा। प्रदेश के पहले भव्य व विशाल ड्रोन शो को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं देखेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पुरुषोत्तम पुरा बाग में 12 हजार वर्ग फीट की भव्य रंगोली तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व आमजन रंगोली के साथ सेल्फी लेंगे। इसी तरह विशाल रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। साथ ही, विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करते हुए सभी गतिविधियों में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करें।
आशीर्वाद का दीया से होगा अभियान का शुभारंभ
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों एवं प्रत्येक बूथ स्तर पर दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही जनसेवा गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि अभियान की शुरुआत सेवा और जनकल्याण के संदेश के साथ हो।
मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ से सामने आएगी नई पीढ़ी की सोच
उन्होंने कहा कि मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को अपने सपनों के भारत की कल्पना को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच और भागीदारी की भावना विकसित करना है। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे स्कूलों में होने वाली गतिविधियों की तिथि अनुसार लिस्ट बनाकर भेजे। उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत समाज में सेवा कार्यों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की प्रेरक एवं अनकही कहानियों को सामने लाया जाएगा। इससे आमजन को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।
आंगन मिलन सेवा और सेवा की कहानी से बढ़ेगा सामाजिक जुड़ाव
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि आंगन मिलन सेवा तथा सेवा की कहानी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाएगा। इन गतिविधियों के जरिए लोगों को अपने आसपास जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक सरोकारों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिक तीन-तीन आंगनवाडिय़ों के उत्थान के लिए योगदान देंगे।
सेवा ज्योति कलश यात्रा से जन-जन तक पहुंचेगा विकसित भारत का संकल्प
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प के माध्यम से सेवा और राष्ट्र निर्माण के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा। यात्रा के जरिए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जुड़ने और विकसित भारत के संकल्प में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यात्रा लाडवा शिवाला रामकुंडी से शुरू होकर बाबैन होते हुए श्री मारकंडेश्वर मंदिर शाहाबाद, ठोल, इस्माइलाबाद होते हुए सरस्वती तीर्थ पिहोवा और ज्योतिसर होते हुए ब्रह्मसरोवर पर पहुंचेगी।
सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु अभियान में बढ़ेगी जनभागीदारी
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सेवा मेरा योगदान के माध्यम से नागरिकों को अपनी क्षमता एवं सामर्थ्य के अनुसार समाज और राष्ट्र के लिए योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं सेवा सेतु अभियान के तहत विभिन्न संस्थाओं, संगठनों और नागरिकों को सेवा कार्यों से जोडक़र जनभागीदारी का दायरा बढ़ाया जाएगा। विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी। सभी कार्यक्रमों को उपमंडल स्तरों पर भी आयोजन किया जाएगा।
सुशासन सेवा संवाद से मजबूत होगा सेवा और सुशासन का संबंध
उन्होंने कहा कि सुशासन सेवा संवाद के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन के बीच संवाद के माध्यम से जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने संबंधित नोडल अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों की रूपरेखा, स्थान, जिम्मेदारियां और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा को केवल एक कार्यक्रम या गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की सतत भावना के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments