फ़तेहगढ़ साहिब, 16 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित बीती देर रात मंगलवार को अमलोह अनाज मंडी में एक शानदार ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसमें संगत की ओर से भारी उत्साह और प्रतिक्रिया देखने को मिली। इस अवसर पर संगत के रूप में पहुंचे हलका विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाते हुए जहां विभिन्न स्थानों पर विशाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, वहीं पूरे राज्य में 92 ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं।
विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की शाश्वत शिक्षाओं और दिव्य संदेश के प्रति श्रद्धा व सम्मान व्यक्त करते हुए पंजाब सरकार द्वारा जालंधर के पास डेरा सचखंड बल्लां में 37 करोड़ रुपये की लागत से 10.4 एकड़ भूमि पर ‘श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र’ का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने स्वयं अपने हाथों से परिश्रम करके पूरी दुनिया को संदेश दिया कि मेहनत मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साल भर चलने वाले इन आयोजनों के समापन पर दिसंबर महीने में खुरालगढ़ साहिब में पंजाब सरकार द्वारा तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर रात को आसमान में एक साथ उड़ते 500 ड्रोनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और महान दर्शन को दर्शाते दृश्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित संगत को आध्यात्मिकता और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम से रूबरू कराया और रात के आसमान को जगमगा दिया। इससे पहले भाई तरसेम सिंह खेतला के जत्थे ने श्री गुरु रविदास जी के पवित्र इतिहास के स्वर्णिम पन्नों को संगत के साथ साझा किया।
इस अवसर पर श्रीमती हरवीर कौर एस.डी.एम. अमलोह, विकास शर्मा तहसीलदार, चांद सिंह ब्लॉक विकास पंचायत अधिकारी, अमरिंदर सिंह ग्रेवाल सदस्य जिला परिषद, अवतार टैनी हलका संगठन प्रभारी, दर्शन सिंह चीमा अध्यक्ष नगर काउंसिल अमलोह, इकबाल राय चेयरमैन मार्केट कमेटी अमलोह, अतुल लुटावा उपाध्यक्ष नगर काउंसिल अमलोह, सिमरप्रीत कौर उपाध्यक्ष ब्लॉक समिति, सतिंदर सिंह ब्लॉक अध्यक्ष, रविंदर सिंह बॉबी ब्लॉक अध्यक्ष, जगदीप सिंह जिम्मी ब्लॉक अध्यक्ष, डॉ. जसवंत सिंह ब्लॉक अध्यक्ष, वरुण शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष सहित अन्य नेता एवं अधिकारी उपस्थित थे।






