Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaपूरे राज्य में आज दिखेगा सेवा का संकल्प, होंगे अनेक जन-कल्याणकारी कार्यक्रम

पूरे राज्य में आज दिखेगा सेवा का संकल्प, होंगे अनेक जन-कल्याणकारी कार्यक्रम

चंडीगढ़, 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा-यात्रा और विकसित भारत के संकल्प को जन-भागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ आज पूरे राज्य में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर चिह्नित स्थानों, प्रमुख परियोजनाओं और लाभार्थी अपने परिवारों के साथ दीपक जलाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, तथा सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में कार्यक्रमों की तिथियों और कार्य-योजना को समय पर अंतिम रूप दिया जाए। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाएं और प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर से कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट ली जाए।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर, नगर निगम, नगर परिषद, नगरपालिका और महाग्रामों में भी सेवा शिविर लगाए जाएं। इन सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों के विवरण से संबंधित शिकायतों का निवारण, नए लाभार्थियों को जोड़ना जैसे कार्य मौके पर ही किए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सेवाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाए, किसी भी नागरिक को शिविर में आने के बाद दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं। विद्यार्थियों के लिए चित्रकारी, रंगोली और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं करवाई जाएं। जिला और स्कूल स्तर पर बेहतर गतिविधियों और नवाचारों की पहचान करके उन्हें व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाए। अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्यक्रमों की माइक्रो प्लानिंग करें। कार्यक्रमों की तिथियां इस प्रकार निर्धारित की जाएं ताकि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा गतिविधियों में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर प्रत्येक कार्यक्रम की ठोस योजना बनाई जाए और अभियान को गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण की होगी शुरुआत, मजदूरों को भी मिलेंगे विभिन्न योजनाओं के लाभ

‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत के साथ ही महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और मजदूर कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे, जिससे योजना का लाभ अन्य पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी अवसर पर मजदूरों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र मजदूरों को भी लाभ प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुचारू और पारदर्शी तरीके से पहुंचे और कार्यक्रम के दौरान उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

प्रत्येक जिले की बेहतर पहल और सफलता की कहानी का हो दस्तावेजीकरण

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अभियान के दौरान जिलों में किए जाने वाले नवाचार प्रयासों, बेहतर पहलों और सफलता की कहानियों को संकलित किया जाए। इनका सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अच्छे कार्यों से दूसरे जिले भी प्रेरणा ले सकें। उन्होंने अभियान के लिए प्रभावशाली प्रचार योजना तैयार करने और डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश भी दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments