कुरुक्षेत्र 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए द्वारा उपमंडलीय विधिक सेवा समिति पिहोवा के सहयोग से राजकीय माध्यमिक विद्यालय गौ चरांद पिहोवा में बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए पॉक्सो अधिनियम तथा नालसा योजनाओं के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता चरनजीत शर्मा ने स्रोत व्यक्ति के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की। उन्होंने बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम), बच्चों के अधिकारों, यौन अपराधों से सुरक्षा तथा बाल पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी उपचारों के बारे में विस्तार से बताया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस अवसर पर प्रतिभागियों को नालसा की बच्चों के लिए बाल-मित्र विधिक सेवाएं योजना 2024 तथा दिव्यांगजनों को विधिक सेवाएं योजना 2024 के संबंध में भी जागरूक किया गया। बच्चों एवं दिव्यांगजनों के अधिकारों, नि:शुल्क कानूनी सहायता की उपलब्धता तथा विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न कानूनी सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कुल 60 लाभार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों में पॉक्सो अधिनियम, बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए नालसा योजनाओं तथा नि:शुल्क कानूनी सेवाओं के संबंध में जागरूकता बढ़ी और न्याय तक पहुंच को प्रोत्साहन मिला।






