Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaएनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर एस.डी.एम. राजेश कुमार सोनी ने ली...

एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर एस.डी.एम. राजेश कुमार सोनी ने ली अधिकारियों की बैठक

लाडवा, 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपमंडल अधिकारी नागरिक राजेश कुमार सोनी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे प्रभावी एवं परिणामदायक ढंग से लागू करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला स्तर से पहुंचे  विनय गांधी ने एनीमिया मुक्त भारत अभियान के संबंध में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने एनीमिया के कारणों, लक्षणों, बचाव, जांच, उपचार तथा आयरन एवं फोलिक एसिड के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अभियान के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों के लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से पहुंचाने के संबंध में भी जानकारी दी।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि एनीमिया विशेषकर बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण समस्या है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ समय पर जांच, उपचार तथा आवश्यक पोषण उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एनीमिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों तथा किशोर-किशोरियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध करवाने के साथ-साथ इनके नियमित सेवन के प्रति भी जागरूक किया जाए। केवल दवा उपलब्ध करवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लाभार्थियों द्वारा उसका नियमित एवं सही तरीके से सेवन सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को एनीमिया से संबंधित मामलों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर रेफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। अभियान के तहत की जा रही गतिविधियों की नियमित समीक्षा करते हुए कमियों को दूर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में एनीमिया मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. कृष्ण कान्त, सीनियर मेडिकल ऑफिसर, सीएचसी बाबैन, सीएचसी मथाना के सीनियर मेडिकल ऑफिसर, ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर लाडवा एवं बाबैन, लाडवा, बाबैन एवं मथाना के चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर लाडवा एवं बाबैन, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों लाडवा एवं बाबैन, फूड एंड सप्लाई विभाग लाडवा, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन लाडवा एवं मथाना सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments