Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaमुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने की 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना' के...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने की ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत, 17 लाख और महिलाओं को मिलेगा लाभ

महेंद्रगढ़/चंडीगढ़, 18 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैणी ने महिलाओं के आर्थिक उत्थान को गति देते हुए गुरुवार को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इसके तहत अब ₹1.80 लाख तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को ₹2,100 प्रति माह का लाभ मिलेगा। योजना के प्रथम चरण में ₹1 लाख तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की 10 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा था, जबकि आय सीमा बढ़ने से अब लगभग 17 लाख अतिरिक्त महिलाएं लाभान्वित होंगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को महेंद्रगढ़ में भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कैंची चौक पर महाराजा शूर सैनी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के त्याग एवं सेवा को नमन किया।

खेल अनुदान और इनोवेशन पोर्टल की शुरुआत मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3,396 सरकारी सीनियर सेकेंडरी एवं हाई स्कूलों को ₹1-1 लाख की दर से कुल ₹33.96 करोड़ की खेल अनुदान राशि जारी की। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत “SEVA First Innovation Challenge” पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से छात्रों, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और नागरिकों को अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ नवाचार को ₹1 लाख तथा राज्य स्तर पर शीर्ष 3 नवाचारों को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

श्रमिकों और कारीगरों के लिए सौगातें मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 64,783 श्रमिकों के बैंक खातों में ₹48.91 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। उन्होंने बताया कि भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले 12 वर्षों में श्रमिकों के कल्याण पर ₹3,976 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु के बाद ₹3,500 मासिक पेंशन, दिव्यांगता पर ₹3,000 पेंशन तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिवार को ₹5 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।

पीएम विश्वकर्मा योजना और कौशल विकास श्री सैणी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक कारीगरों के उत्थान के लिए ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ चलाई जा रही है। हरियाणा में इस योजना के तहत 41,366 आवेदक पंजीकृत हैं, जिनमें से 30,655 की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। लगभग 12 हजार कारीगरों को टूलकिट और 6 हजार कारीगरों को ₹56 करोड़ के ऋण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने पलवल के दुधौला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय को देश के लिए एक अनूठा मॉडल बताया।

पिछड़े वर्गों के लिए कल्याणकारी कदम मुख्यमंत्री ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के हित में राज्य सरकार 3 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को देश में उच्च शिक्षा के लिए ₹15 लाख और विदेश में पढ़ाई के लिए ₹20 लाख तक का ऋण मात्र 4% वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध करा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री और राज्य अध्यक्ष का संबोधन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बताया कि महेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सतनाली अस्पताल का निर्माण जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है तथा महेंद्रगढ़ उप-मंडल अस्पताल के लिए ₹23 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने नसीबपुर में बनने वाले शहीद स्मारक की रूपरेखा का भी जिक्र किया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह और विधायक कंवर सिंह यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक ओ.पी. यादव, उम्मेद पातूवास, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments