कुरुक्षेत्र, 19 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों एवं प्रशासन के तत्वाधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों व योग जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इसी कड़ी में आयुष आरोग्य मंदिर खरकाली द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय शहजादपुर में एक दिवसीय स्कूल हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। इस शिविर के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सपना ने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की तथा उन्हें नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, भोजन के बाद कुल्ला करने व व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने जैसे मौखिक स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत पूनम फार्मासिस्ट द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही, योग सहायक प्रदीप कुमार ने बच्चों को सूक्ष्म व्यायाम एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में व्यायामशाला टिकरी में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत सरपंच तेजा सिंह की उपस्थिति में आयोजित योग कार्यक्रम में तथा व्यायामशाला घिसरपड़ी में पूर्व सरपंच मान सिंह की मुख्य अतिथि की उपस्थिति में साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष ग्राम कलाल माजरा में नि:शुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ ग्राम सरपंच सोहन लाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस शिविर में डॉ. संतोष एवं डॉ. आश्मी ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया, जबकि धर्मबीर एवं जसबीर सिंह ने नि:शुल्क औषधियां वितरित कीं। योग सहायक अनु व राय सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्यवर्धक योगाभ्यास करवाए। इस दौरान डॉ. संतोष ने महिलाओं व बच्चों को आयुर्वेद, स्वस्थ आहार, दिनचर्या, मासिक धर्म की स्वच्छता तथा एनीमिया रोकथाम हेतु पोषण प्रबंधन की जानकारी दी। इस शिविर में आयुर्वेदिक ओपीडी के 48 तथा होम्योपैथिक ओपीडी के 33, कुल मिलाकर 81 मरीजों ने नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीपली में भी नि:शुल्क आयुर्वेदिक शिविर का आयोजन किया गया, जिसका संचालन डॉ पिंकी एवं आयुष स्टाफ द्वारा किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि बच्चों का उत्तम स्वास्थ्य ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। प्राथमिक स्तर पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता, योग और संतुलित दिनचर्या की आदत डालना है। आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है। आयुष विभाग जिले के सभी विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित कर आमजन तक आयुर्वेद एवं योग के लाभ पहुँचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।






