कुरुक्षेत्र, 19 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा सीजेएम-कम-सेक्रेटरी, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण नीतिका भारद्वाज के सक्षम निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में जिला स्तरीय छात्र कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 का आयोजन राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-13 यू.ई.में किया गया।
इस प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर आयोजित छात्र कानूनी साक्षरता प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उनके मूलभूत कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। इस प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित अपने ज्ञान एवं समझ का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर लर्नड सीजेएम-कम-सेक्रेटरी, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण नीतिका भारद्वाज ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार के प्रति सतर्क रहने तथा ऐसी किसी घटना की जानकारी होने पर तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा संबंधित प्राधिकरण को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया तथा इंटरनेट, सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करने की जानकारी दी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक एवं अन्य साइबर अपराधों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया तथा विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।






