Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaआयुष विभाग ने 11वें आयुर्वेद दिवस व सेवा संकल्प अभियान के तहत...

आयुष विभाग ने 11वें आयुर्वेद दिवस व सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, योगाभ्यास व पौधारोपण का किया आयोजन

कुरुक्षेत्र 21 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में जिले भर में विभिन्न आयुष गतिविधियों, स्वास्थ्य शिविरों व पौधारोपण अभियानों का सफल आयोजन किया गया। इसी कड़ी में राज्य औषधि पादप बोर्ड, हरियाणा के निर्देशों के अनुपालन में 11वें आयुर्वेद दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा जिले के विभिन्न आयुष आरोग्य मंदिरों, राजकीय आयुर्वेदिक औषधालयों एवं योग व्यायामशालाओं में ग्रीन पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान औषधीय एवं उपयोगी पौधे लगाकर आमजन को हरित पर्यावरण और औषधीय पौधों के संरक्षण का संदेश दिया गया। स्कूली बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए सेवा संकल्प अभियान एवं स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष शिविर आयोजित किए गए।


आयुष्मान आरोग्य मंदिर दबखेड़ा द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गिरधरपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 20 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस अवसर पर डॉ. मीना, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट सिम्मी, आयुष योग सहायक नरेंद्र कुमार तथा योग प्रशिक्षक संजय कुमार ने सेवाएं देते हुए बच्चों को स्वस्थ दिनचर्या, स्वच्छता एवं योग का महत्व समझाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक अन्य शिविर में डॉ. संदीप द्वारा 33 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई और दैनिक दिनचर्या का महत्व बताया गया। इस दौरान दीपक व प्रीति द्वारा योग सत्र का आयोजन किया गया, जबकि प्रधानाचार्य रामेश्वर व स्टाफ सदस्यों ने परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। जिला अस्पताल आयुष विंग, एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र में विशेष योग संजीवनी सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को सरल योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया गया और तनाव प्रबंधन व मानसिक शांति के गुर सिखाए गए।


जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, योग और प्राकृतिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाले ऐसे शिविरों, योग सत्रों एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और नागरिक एक निरोगी व संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments