कुरुक्षेत्र 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): धान की फसल के अवशेष जलाने की घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने तथा इस वर्ष जीरो बर्निंग के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से सोमवार एसडीएम अमन कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक नोडल अधिकारी शशिपाल शर्मा एवं विनोद कुमार तथा उपमंडल कृषि अधिकारी जितेन्द्र मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में थानेसर एवं पिपली ब्लॉक में फसल अवशेष प्रबंधन एवं धान अवशेष जलाने की घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कृषि विभाग, पंचायत विभाग, सहकारिता विभाग, राजस्व विभाग तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसडीएम अमन कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे खेत स्तर पर नियमित एवं कड़ी निगरानी रखें तथा धान अवशेष जलाने की किसी भी संभावित घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने क्षेत्र में लगातार फील्ड विजिट कर किसानों को फसल अवशेष न जलाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान अवशेष जलाने की घटनाओं को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज न किया जाए तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए किसानों को उपलब्ध वैकल्पिक उपायों एवं कृषि यंत्रों के उपयोग के बारे में भी जानकारी देने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग सक्रिय एवं सतर्क रहकर फील्ड स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि इस सीजन में धान अवशेष जलाने की घटनाओं को शून्य तक लाया जा सके और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।






