कुरुक्षेत्र 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बैंकों द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं में शामिल पात्र व्यक्तियों को बिना किसी विलंब के लाभ दिया जाए। सरकारी योजनाओं में बैंक द्वारा अनावश्यक नियमों व नीतियों को दूर रखा जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्रों को योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही योजना से संबंधित विभाग के अधिकारी भी लाभार्थियों और बैंकों का विजिट करके तालमेल बनाएं। जिसका लिखित में रिकॉर्ड भी तैयार करें।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में लीड बैंक मैनेजर शिव कुमार भगत ने एजेंडा प्रस्तुत किया। बैठक में दीन दयाल अंत्योदय योजना एनआरएलएम, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, पीएम जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि स्वनिधी योजना के आवेदकों को बैंक तुरंत राशि जारी करें, इस योजना के तहत किसी भी आवेदक का दूसरा चक्कर नहीं लगवाया जाए। जो बैंक अकाउंट लंबे समय से बंद हैं, उनका बैंकों में ईकेवाईसी किया जाए। उन्होंने बैंकों को एमएसएमई योजना के विशेष अभियान चलाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिया जाए।






