हरियाणा, 24 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने हरियाणा राज्य सड़क विकास निगम (एच.एस.आर.डी.सी.) में श्रीमती गार्गी कक्कड़ को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है।
गुरुग्राम की बैंक कॉलोनी (न्यू कॉलोनी) निवासी श्रीमती गार्गी कक्कड़ ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और लोक निर्माण एवं भवन मंत्री श्री रणबीर गंगवा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि एचएसआरडीसी में स्वतंत्र निदेशक के रूप में मिली इस जिम्मेदारी को वह पूरी गंभीरता से निभाएंगी और निगम से जुड़े कार्यों में अपना सार्थक योगदान देंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों और पुलों का मजबूत नेटवर्क आम लोगों की सुगम आवाजाही के साथ-साथ विकास की गति के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस जिम्मेदारी के माध्यम से उन्हें जनहित से जुड़े कार्यों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रभावी सहयोग देने का अवसर मिलेगा।






